जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

जमीन विवाद को लेकर शख्स की पीट-पीटकर हत्या, परिजन बोले- पहले आरोपी गिरफ्तार हों, फिर उठाएंगे शव

 


सतना, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के सतना जिले से जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। रैगांव थाना क्षेत्र के खड़ौरी गांव में दो लोगों ने एक शख्स को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो मृतक के परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से इनकार कर दिया, उनकी मांग है कि पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके मकानों को गिराया जाए।

जानकारी के अनुसार, खड़ौरी गांव के मुनेंद्र सिंह का गांव के ही संपत और नंदकिशोर के साथ खेत की मेड़ पर बारी लगाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि संपत और नंदकिशोर ने मुनेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में मुनेंद्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही रैगांव, सिंहपुर, कोठी नागौद थाना पुलिस और एसडीओपी रोहित राठौर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस को मृतक के परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता और उनके मकानों को नहीं गिराया जाता, तब तक वे शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं देंगे।

फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button