देश का पहला ‘बिग कैट्स’ का अनूठा संगम: दुर्गावती रिजर्व में बढ़ेंगे चीते, बनेगा साउंडप्रूफ ‘वाइल्डलाइफ कॉरिडोर’
सागर, यशभारत l वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण और ईको-पर्यटन को नई गति देने के लिए बड़े स्तर पर योजनाएं बनाई जा रही हैं। रिजर्व में दिसंबर-जनवरी तक दो और चीते लाए जाने की तैयारी चल रही है। इससे पहले 7 अक्टूबर को दो चीतों के जोड़े (व्योम व नीरा) को टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया था, जो फिलहाल बाड़े में पल-बढ़ रहे हैं और उनके आहार व विचरण की निगरानी की जा रही है। यह देश का ऐसा इकलौता टाइगर रिजर्व बन गया है, जहां एक ही जंगल में बाघ, चीते, तेंदुए और भेड़िए मौजूद हैं।
10 वर्षीय टाइगर कंजर्वेशन प्लान और ईको-पर्यटन
नौरादेही सेंचुरी को टाइगर रिजर्व का दर्जा मिलने के साथ ही पर्यटन, ग्रासलैंड मैनेजमेंट और वन्यजीव सुरक्षा के लिए 10 साल का टाइगर कंजर्वेशन प्लान (TCP) तैयार किया गया है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत तैयार इस योजना को राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) से अनुमोदित किया जाता है और इसे पूर्व डिप्टी डायरेक्टर ए. अंसारी ने तैयार किया है।
बाघों के साथ चीता, भेड़िया और गिद्ध की प्रजातियों के संरक्षण व संवर्धन पर विशेष कार्य होगा।करीब 280 किमी क्षेत्र को पर्यटन के लिए खोला जाएगा और इसके लिए 4 पर्यटन जोन चिह्नित किए गए हैं।
सागर जिले में हिनौती व बीना वारहा, दमोह जिले में झापन व ब्यारमा तथा नरसिंहपुर जिले के डोंगरगांव स्थित सरसला में पंचवटी गेट बनाने की योजना है। इसके अलावा दमोह के सिंग्रामपुर में पर्यटकों की सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश सिंह के अनुसार, सेंचुरी काल में मैनेजमेंट प्लान बनता था, जबकि टाइगर रिजर्व बनने के बाद 2024 से 10 वर्षीय कंजर्वेशन प्लान पर काम शुरू हुआ। हालांकि, वे इसकी शुरुआत 2013 से मानते हैं, जब ग्रामीणों ने विस्थापन का मन बनाया था।
दमोह-जबलपुर के बीच लाइट व साउंडप्रूफ फ्लाईओवर
वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सागर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर दमोह और जबलपुर के बीच लाइट और साउंडप्रूफ फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
टाइगर रिजर्व के कोर एरिया-2 में लगभग 3.8 किमी हिस्से में फ्लाईओवर बनेगा, जबकि बफर क्षेत्र के 12.8 किमी हिस्से में अंडरपास तैयार किए जाएंगे।वन विभाग और एनएचएआई (NHAI) की इस संयुक्त योजना को चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन की सहमति मिल चुकी है। फ्लाईओवर के नीचे से वन्यजीव आसानी से गुजर सकेंगे और ऊपर साउंडप्रूफ व लाइटप्रूफ दीवार लगाई जाएगी।






