फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग: पहले की मारपीट, फिर मांगी फिरौती; भीड़ के हत्थे चढ़े आरोपी ने खुद को बताया पुलिसकर्मी, गैंग फरार… देखें पूरा वीडियो

सतना। जिले के माधवगढ़ क्षेत्र में डी पाल स्कूल के पास चाकू की नोक पर एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चार युवकों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर उसे छोड़ने के एवज में उसके परिजनों से फिरौती की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन सक्रिय हुए और उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताया। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। अब इस पूरे मामले में पुलिस की जांच और पकड़े गए व्यक्ति की वास्तविक पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। यह भी जांच का विषय है कि युवक के अपहरण और फिरौती मांगने की वारदात में कौन-कौन शामिल था और खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले व्यक्ति का पुलिस विभाग से कोई संबंध है या नहीं।







