यशभारत ब्रेकिंग: पारिवारिक कलह में उजड़ गया परिवार, घर में फंदे से लटके मिले मां बेटी के शव

जबलपुर,यशभारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर बस्ती नंबर एक में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में मां और 10 वर्षीय बेटी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। मृतकों की पहचान अंजना कुशवाहा (40) और उसकी बेटी मुस्कान कुशवाहा (10) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच में लिया है।
प्रारंभिक जांच में दोनों के फांसी लगाने की बात सामने आई है। वहीं, मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने उसके पति मनीष कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मनीष के किसी दूसरी महिला से संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। इसी पारिवारिक तनाव से परेशान होकर अंजना ने यह कदम उठाया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार अंजना ने वर्ष 2013 में मनीष कुशवाहा से प्रेम विवाह किया था। दंपती की एक 10 वर्षीय बेटी मुस्कान और 11 वर्षीय बेटा है। मां-बेटी की एक साथ मौत से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की जांच करने के साथ ही परिजनों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।






