
फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर फायरिंग मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, यश भारत मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई फायरिंग के मामले में पुणे पुलिस ने रविवार को चार लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुणे के करवे नगर और धायरी इलाकों में की गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12:45 बजे नौ मंज़िला इमारत के पहली मंज़िल को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। इस दौरान कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। इनमें से एक गोली इमारत में स्थित जिम के कांच से जा टकराई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
वारजे मालवाड़ी पुलिस थाने की टीम ने विशेष अभियान चलाकर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक साइंस और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए।
इस मामले में मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।







