ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत : रेलवे ट्रैक पर फूड ब्रिज के पास हुआ हादसा, पुलिस और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच… देखे पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसा रेलवे ट्रैक पर फूड ब्रिज के समीप हुआ, जहां बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष नायक (60 वर्ष), निवासी झंडा चौक घंसौर के रूप में हुई है। रेलवे ट्रैक के समीप थे, इसी दौरान गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर घंसौर थाना पुलिस एवं जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की तथा शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई।
फिलहाल बुजुर्ग के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसा दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता जांच और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है। रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से भी अपील की जाती है कि वे रेल पटरियों को पार करते समय विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से रेलवे ट्रैक के आसपास न जाएं। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।







