कटनी

सीसीटीव्ही कैमरे की केबिल काट ले गए बदमाश, रेलवे आउटर पर कैसे रूकेंगी वारदातें, चाकू की नोंक पर महिलाओं से छीने पर्स, बदमाशों का पता लगाने में जीआरपी को हो रही दिक्कत

कटनी, यशभारत। कटनी रेलवे जंक्शन के जबलपुर एण्ड की तरफ निर्माण कार्य के चलते यहां लगे सीसीटीव्ही कैमरे की केबिल अज्ञात तत्वों द्वारा काट लिए जाने का मामला सामने आया है, जिसकी वजह से आपराधिक वारदातों में बदमाशों का पता लगाने में रेल पुलिस को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीती रात आउटर अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोंक पर एक महिला यात्री का पर्स छीन लिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी सक्रिय हुई लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। इसके पीछे मुख्य कारण घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरे की केबिल को अज्ञात तत्वों द्वारा काट दिया जाना है। जिसकी वजह से जीआरपी को भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेल थाना प्रभारी एसआई अनिल मरावी ने बताया कि विगत 18 नवंबर को किसी अज्ञात बदमाश ने आउटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की तीन तार स्थानों से काट दी है। थाने में लगी एलईडी में कैमरे बंद दिखने के बाद जब जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि अज्ञात बदमाशों ने कैमरों की केबिल काट दी है। इस बीच गाड़ी संख्या 09045 व 18213 में महिला मुसाफिरों के साथ चाकू की नोक पर बैग छीनने की वारदात हो गई, जिसके बाद आरोपियों की तलाश करने में रेल पुलिस को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह वारदात गायत्रीनगर पुलिया के पास बीती रात 3 से 4 बजे के बीच हुई। रेल पुलिस को जब वारदात की खबर लगी, तब जांच शुरू की गई। बताया जाता है कि पर्स में सोने के जेवरात व नकदी रुपए रखे हुए थे।
16 कैमरों से रखी जा रही थी निगरानी
श्री मरावी ने बताया कि कैमरे की केबिल कट जाने से तीन कैमरे साउथ से खिरहनी तक एवं 6 कैमरे कटनी से जबलपुर एण्ड पर स्थित केबिन के बंद हो गए हैं। एक कैमरा पहले से ही बंद पड़ा है। करीब 16 कैमरों से हर तरफ आउटर पर निगरानी रखी जा रही थी, जो इन दिनों बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। बिना सूचना दिए यह केबल काट देने पर संबंधित पर कार्रवाई भी की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button