ब्रेकिंग: कटनी का व्यापारी छिंदवाड़ा में बंद दुकान के पीछे के कमरे में मिला मृत, फोन न उठाने पर दोस्त पहुंचा तो हुआ खुलासा, परिजन भी पहुंचे

कटनी, यशभारत। छिंदवाड़ा जिले के इमलीखेड़ा क्षेत्र में एक बंद दुकान के पीछे के कमरे में कटनी निवासी व्यापारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक छिंदवाड़ा में बीज भंडार, कीटनाशक और हार्डवेयर की दुकान चलाता था। शनिवार को कटनी में रह रहे परिजनों ने जब उसे कई बार फोन किया और कॉल रिसीव नहीं हुआ, तो उन्होंने वहां मौजूद एक परिचित दोस्त को जानकारी दी। दोस्त मौके पर पहुंचा और शटर खुलवाकर अंदर देखा तो व्यापारी मृत अवस्था में मिला।
मृतक की पहचान श्रीकांत पासेबंद (38) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कटनी के रहने वाले थे और छिंदवाड़ा के इमलीखेड़ा में किराए की दुकान संचालित कर रहे थे। शनिवार को कटनी से परिजन लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं उठने पर अनहोनी की आशंका के चलते दोस्त को सूचना दी गई। दोस्त ने आसपास के लोगों की मदद से बंद दुकान का शटर उठाया और पीछे के कमरे में पहुंचे, जहां श्रीकांत मृत मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार मौके से कोई नोट बरामद नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक श्रीकांत दो-तीन दिन पहले ही कटनी से छिंदवाड़ा लौटे थे। घटना की खबर मिलने के बाद कटनी से परिजन छिंदवाड़ा पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।







