अब बिना जांच और प्रमाण-पत्र नहीं बिकेगी शराब, 25 नवंबर से नए नियम लागू , हर खेप की लैब रिपोर्ट होगी जरूरी, प्रमाण-पत्र के बिना स्टॉक पर लगेगी रोक, ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी गुणवत्ता रिपोर्ट

अब बिना जांच और प्रमाण-पत्र नहीं बिकेगी शराब, 25 नवंबर से नए नियम लागू
हर खेप की लैब रिपोर्ट होगी जरूरी, प्रमाण-पत्र के बिना स्टॉक पर लगेगी रोक, ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी गुणवत्ता रिपोर्ट
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में 25 नवंबर से देशी और विदेशी शराब की आपूर्ति एवं बिक्री की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब शराब की हर खेप के साथ संबंधित बैच की लैब जांच रिपोर्ट और गुणवत्ता प्रमाण-पत्र रखना अनिवार्य होगा। उत्पादन इकाई में प्रत्येक बैच की गुणवत्ता जांच होने के बाद ही उसे सप्लाई के लिए आगे भेजने की अनुमति मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत यदि किसी खेप का गुणवत्ता प्रमाण-पत्र अधूरा, संदिग्ध या उपलब्ध नहीं पाया जाता है, तो संबंधित स्टॉक को तत्काल अलग रखा जाएगा। ऐसे स्टॉक को न तो दूसरे भंडारगृह में भेजा जा सकेगा और न ही किसी अन्य लाइसेंसधारी को उसकी आपूर्ति की जा सकेगी। इतना ही नहीं, प्रत्येक बैच का गुणवत्ता प्रमाण-पत्र ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करना भी अनिवार्य रहेगा।
नकली और मिलावटी शराब पर शिकंजा
आबकारी विभाग ने यह व्यवस्था नकली, मिलावटी और अमानक शराब की आपूर्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लागू करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था से शराब की गुणवत्ता की निगरानी और प्रत्येक खेप की जांच सुनिश्चित की जा सकेगी। निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और लाइसेंसधारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






