कटनी

सियार का शिकार, दो आरोपी गिरफ्तार, पुरैना में मिला था मांस, पवई रेंज की टीम ने की कार्रवाई

कटनी/पवई, यशभारत। दक्षिण पन्ना वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र की टीम ने सियार के अवैध शिकार के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 सितंबर को पवई वृत्त की उत्तर पवई बीट के अंतर्गत राजस्व ग्राम पुरैना में मुखबिरों से वन्यप्राणी के अवैध शिकार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वन्यप्राणी का मांस जब्त किया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश शुरू की। पतासाजी के बाद 19 नवंबर को वन विभाग ने ग्राम मोहनपुरा निवासी राहुल सपेरा एवं क्रतन सपेरा को पकडक़र पूछताछ की। पूछताछ में दोनों के सियार के अवैध शिकार से जुड़े होने की जानकारी सामने आने पर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। पूरी कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी पवई पंकज दुबे के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक पवई बृजकिशोर खरे, परिक्षेत्र सहायक चौपरा पुष्पेंद्र सिंह, परिक्षेत्र सहायक पटोरी शरद नगर, परिक्षेत्र सहायक झांझर भारती कुमार एवं उत्तर पवई बीट गार्ड रामजी गर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button