भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

सुभाष नगर अंडरब्रिज बना हादसों का अड्डा: महीनों से जलभराव और जर्जर सड़क से बढ़ी लोगों की मुश्किलें

सुभाष नगर अंडरब्रिज बना हादसों का अड्डा: महीनों से जलभराव और जर्जर सड़क से बढ़ी लोगों की मुश्किलें

गंदे पानी और जानलेवा गड्ढों के बीच से गुजरने को विवश रोजाना हजारों वाहन चालक और स्कूली बच्चे

नगर निगम की उदासीनता से स्थानीय रहवासियों और दुकानदारों में भारी रोष

भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल के प्रमुख मार्गों में शुमार सुभाष नगर अंडरब्रिज इन दिनों आम जनता के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। अंडरब्रिज के भीतर पिछले कई महीनों से नाले का गंदा पानी लगातार भरा हुआ है, जिससे सड़क की डामरीकरण उखड़ चुकी है और वहां गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह से आंखें मूंदे बैठा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

इस रास्ते से रोजाना आने-जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों के लिए यह सफर किसी खतरे से खाली नहीं है। पानी से लबालब भरे अंडरब्रिज में नीचे छिपे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण वाहन चालक अनियंत्रित होकर अक्सर फिसल रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई बार जिम्मेदारों को इस विकट समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कागजी आश्वासनों के अलावा धरातल पर सुधार के नाम पर कुछ नहीं हुआ।

कभी भी हो सकती है बड़ी अनहोनी
सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण पीक आवर्स के दौरान यहां लंबा ट्रैफिक जाम भी लग जाता है, जिससे स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी की सड़ांध और मच्छरों के पनपने से आसपास के लोगों का स्वास्थ्य भी खतरे में है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी और सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई, तो रहवासी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button