किसना ज्वेलर्स चोरीकांड: जांच के लिए कटनी पहुंचे आईजी और डीआईजी, पेशेवर गिरोह के 6-7 सदस्यों पर शक, मुंबई से खरीदी थी वारदात में इस्तेमाल टूल किट, प्रयागराज में पुलिस की दबिश

कटनी, यशभारत। शहर के बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स में हुई करीब 15 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का मामला अब पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को जबलपुर संभाग के आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह कटनी पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की।
6 से 7 सदस्यों वाले गिरोह पर संदेह
घटनास्थल के निरीक्षण और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि चोरी की इस वारदात को किसी पेशेवर गिरोह ने अंजाम दिया है। इसमें 6 से 7 सदस्य शामिल हो सकते हैं। वारदात को जिस सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि आरोपियों ने पहले शोरूम की रेकी की और फिर पूरी तैयारी के साथ चोरी की योजना को अंजाम दिया।
मुंबई से मंगाई टूल किट, स्थानीय स्तर पर खरीदे गैस कटर
जांच में यह महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि चोरों ने सेंधमारी और तिजोरी काटने के लिए इस्तेमाल की गई विशेष टूल किट मुंबई से खरीदी थी। वहीं, वारदात में उपयोग किए गए गैस सिलेंडर और कटर स्थानीय स्तर पर खरीदे गए थे। पुलिस अब इन सामानों की खरीद-फरोख्त से जुड़े सुरागों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
प्रयागराज तक पहुंची जांच की आंच
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को चिह्नित किया है। उनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज सहित आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं। माना जा रहा है कि इस वारदात के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
संचालक मोहन बजाज से भी की चर्चा
आईजी और डीआईजी ने शोरूम के भीतर पहुंचकर उस स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां से चोरों ने प्रवेश किया था। उन्होंने चोरी के तरीके, तिजोरी की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को समझा। इस दौरान शोरूम संचालक मोहन बजाज से भी विस्तृत जानकारी ली गई। चोरी गए सोने-चांदी और हीरे के आभूषणों की मात्रा, घटना के समय तथा शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई। करीब 15 करोड़ रुपये की इस बड़ी चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों का स्वयं घटनास्थल पहुंचना बताता है कि पुलिस इस वारदात को कितनी प्राथमिकता से ले रही है।







