खाद वितरण में लापरवाही : गोदाम प्रभारी निलंबित, उपसंचालक कृषि और जिला विपणन अधिकारी को नोटिस

लचर मॉनिटरिंग पर कलेक्टर का सख्त रुख, दोनों वरिष्ठ अधिकारियों से 3 दिन में मांगा लिखित जवाब
सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)l जिले में खाद वितरण व्यवस्था की लचर मॉनिटरिंग और समय पर गोदाम न खुलने की शिकायतों पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी दिलीप कुमार यादव ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है।
कलेक्टर के निर्देश पर जहां लापरवाही बरतने वाले मार्कफेड गोदाम प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वहीं निगरानी में उदासीनता बरतने पर उपसंचालक (कृषि) राजेश त्रिपाठी एवं जिला विपणन अधिकारी रोहित बघेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बंद मिला गोदाम, मौके पर शुरू कराया वितरण
किसानों द्वारा मोबाइल पर जनरेटेड ई-टोकन की पर्ची साझा कर सेंटर न खुलने की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, कलेक्टर के निर्देश पर मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं जिला उर्वरक निरीक्षक अनिल राय व वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुलदीप क्रिश्चियन की टीम जब मौके पर पहुँची, तो गोदाम पूरी तरह बंद मिला और दूर-दराज से आए किसान कड़क धूप में परेशान हो रहे थे। प्रशासनिक टीम ने तत्काल पंचनामा तैयार कर गोदाम खुलवाया और ई-टोकन प्रणाली से खाद का सुचारू वितरण शुरू कराया।
गोदाम प्रभारी निलंबित, वरिष्ठ अधिकारियों पर भी गिरी गाज
शासकीय नियमानुसार खाद गोदाम खुलने का समय सुबह 08 बजे से रात 08 बजे तक निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया। इसके साथ ही, विक्रय केंद्रों की उचित मॉनिटरिंग न करने और पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में उपसंचालक (किसान कल्याण तथा कृषि विभाग) राजेश त्रिपाठी और जिला विपणन अधिकारी रोहित बघेल को मप्र सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 16 के तहत नोटिस जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों को 3 दिन के भीतर समक्ष उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी
जिला प्रशासन ने सभी खाद वितरण केंद्रों को सख्त हिदायत दी है कि वे निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से खुलें और ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को समयबद्ध खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







