मुख्य ख़बरें

डेंगू का कहर : युवक की मौत, 7 माह की गर्भवती पत्नी भी संक्रमित, पुणे से लौटे दंपती की बिगड़ी थी तबीयत, स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में शुरू किया सर्वे

सतना। जिले में डेंगू संक्रमण से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। सिद्धार्थ नगर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी 29 वर्षीय राजेश बुनकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि मृतक की पत्नी प्रियंका भी डेंगू से संक्रमित हैं और सात माह की गर्भवती हैं। पति की मौत के बाद परिवार के सामने अब उनके उपचार और होने वाले बच्चे की सुरक्षा की चिंता भी खड़ी हो गई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश अपनी पत्नी प्रियंका और भाई अजय के साथ पुणे में मजदूरी करते थे। इसी दौरान परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। बुखार और उल्टी की शिकायत के बाद तीनों 29 अक्टूबर को सतना लौट आए। यहां चिकित्सकीय परामर्श लेने के बाद राजेश और प्रियंका की जांच कराई गई, जिसमें दोनों के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

संक्रमण की पुष्टि के बाद प्रियंका को सिंधी कैंप स्थित हंसराज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि राजेश का उपचार जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 6 में शुरू हुआ। हालांकि, उपचार के बावजूद उनकी सेहत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल से छुट्टी दिलाकर 31 अक्टूबर को पुष्पांजलि अस्पताल ले गए।

पुष्पांजलि अस्पताल में भी राजेश की हालत गंभीर बनी रही। परिजनों के मुताबिक, उनकी प्लेटलेट्स घटकर महज 27 हजार तक पहुंच गई थीं। एक नवंबर को उन्हें प्लेटलेट्स चढ़ाई गईं, लेकिन इसके बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रीवा ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें लेकर रीवा के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

गर्भवती पत्नी की सेहत को लेकर चिंता

राजेश की मौत के बीच उनकी पत्नी प्रियंका की स्वास्थ्य स्थिति भी परिवार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। वह सात माह की गर्भवती हैं और डेंगू संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के अनुसार,  उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। गर्भावस्था और डेंगू संक्रमण को देखते हुए उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सर्वे

युवक की मौत की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई। मलेरिया विभाग के अमले ने सिद्धार्थ नगर स्थित मृतक के घर और आसपास के क्षेत्र में पहुंचकर जांच शुरू की। क्षेत्र में दवा का छिड़काव भी कराया गया है। टीम परिवार की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों में बुखार और संक्रमण के लक्षणों की स्थिति का पता लगा रही है।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर डेंगू से बचाव और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। हालांकि, राजेश की मौत के आधिकारिक चिकित्सकीय कारण की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की जांच और संबंधित चिकित्सकीय अभिलेखों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button