ब्रेकिंग; दशहरा जुलूस देखने जा रहे बाइक सवार 3 युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, बरही के पड़रिया गांव में हादसा

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रिया के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए तीनों युवक बरही थाना क्षेत्र के सिजेहरा गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान छोटेलाल कोल, अमित लाल कोल और सुमित कोल के रूप में हुई है। बुधवार की देर रात ये तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बड़वारा में आयोजित दशहरा मेला देखने के लिए जा रहे थे। तभी उनकी बाइक बरही रोड पर स्थित ग्राम पड़रिया के समीप ही पहुंची थी कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। सुबह तीनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। गंभीर दुर्घटना को लेकर बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और गहराई से जांच शुरू कर दी है। घटना को अंजाम देकर फरार होने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस की एक विशेष टीम को लगाया गया है। वाहन को जल्द ही जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
।







