
मुंबई,यशभारत। गंभीर बीमारी से जूझ रहे युवा इकबाल की जिंदगी में अनंत अंबानी की पहल से उम्मीद की नई किरण जगी है। करीब पांच वर्षों तक बीमारी के कारण इकबाल का जीवन एक तालाब तक सीमित रहा। मुर्शिदाबाद के बेलडांगा के किशोर इकबाल, जो एक दुर्लभ चिकित्सकीय समस्या के कारण लंबे समय तक तालाब में रहने को मजबूर था, को विशेष इलाज के लिए मुंबई लाया गया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी के निर्देश पर किशोर को एयरलिफ्ट कर मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डाक्टर उसकी जांच और उपचार करेंगे। अनंत अंबानी के निर्देश पर इकबाल को तत्काल एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया, जहां उसे विशेष जांच और उपचार के लिए सर एच. एन. रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में देश के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इकबाल की स्वास्थ्य संबंधी जांच और उपचार किया जा रहा है। बताया गया कि तालाब में रहने से उसे बीमारी के प्रभाव से कुछ राहत मिलती थी।

इकबाल की स्थिति की जानकारी सामने आने के बाद मेडिकल विशेषज्ञों की टीम ने उसके मामले की समीक्षा की। करीब पांच वर्षों से बीमारी के कारण सीमित जीवन जी रहे इकबाल और उसके परिवार के लिए अनंत अंबानी की इस पहल ने इलाज के साथ नई उम्मीद भी जगाई है। इकबाल के मामले में अब चिकित्सकीय विशेषज्ञ उसकी स्थिति का विस्तृत आकलन कर आगे के उपचार की दिशा तय करेंगे। परिवार को उम्मीद है कि बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञों की देखरेख में इकबाल के स्वास्थ्य में सुधार आएगा।
मानवीय पहल बनी चर्चा का विषय
इकबाल को मुंबई लाकर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक परिवार के लिए मदद और संवेदना का रास्ता खोला है। करीब पांच साल तक बीमारी की सीमाओं में रहने के बाद अब इकबाल के जीवन में उपचार और बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है।
तालाब में दिन-रात रहने का वीडियो हुआ था वायरल
बताया गया कि इकबाल कई दिनों तक तालाब में ही रहता था। उसका कहना था कि जैसे ही वह पानी से बाहर आता है, उसके पूरे शरीर में तेज जलन होने लगती है। उसने यह भी बताया था कि उसे ऐसा महसूस होता है जैसे किसी अदृश्य शक्ति का प्रभाव उस पर हो गया हो, जिसके कारण वह लंबे समय तक पानी में रहने लगा। इकबाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें वह तालाब में बैठकर खाना खाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद चिकित्सा विशेषज्ञों ने उसके मामले पर ध्यान दिया और जांच के बाद मुंबई में इलाज की व्यवस्था की गई।







