जनसंवाद में उठीं वाहन चोरी और अतिक्रमण की समस्याएं, पुलिस से कार्यवाही की मांग

जनसंवाद में उठीं वाहन चोरी और अतिक्रमण की समस्याएं, पुलिस से कार्यवाही की मांग
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना हनुमानगंज में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस आयुक्त संजय कुमार के समक्ष स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा और यातायात से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने बताया कि कॉलोनी में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
इसके साथ ही दुकानदारों द्वारा सड़कों पर दुकानें और सामान लगाने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। नागरिकों का कहना है कि मुख्य रास्तों और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन आवागमन बाधित होता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वस्त किया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे तथा अतिक्रमण हटाने व यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए संबंधित विभागीय कार्यवाही की जाएगी।






