जबलपुरमध्य प्रदेश

भड़पुरा घाट में दर्दनाक हादसा: 5 किमी दूर मिला पिता का शव, बेटे की तलाश में नदी खंगाल रही टीमें

दर्शन के लिए महाराष्ट्र से आए थे पिता-पुत्र

जबलपुर यशभारत। चरगंवा थाना क्षेत्र के भड़पुरा घाट में नर्मदा नदी में डूबे महाराष्ट्र निवासी पिता-पुत्र के मामले में तलाश अभियान के दौरान पिता का शव घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर बरामद हो गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया। वहीं हादसे के बाद से लापता बेटे की तलाश अभी भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर नदी के तेज बहाव के बीच लगातार सर्चिंग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय गणेश पाटिल एवं उसका पुत्र 10 वर्षीय लकी पटेल भड़पुरा घाट स्थित आश्रम में दर्शन के लिए आए थे। इसी दौरान दोनों नर्मदा नदी के गहरे पानी में चले गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 वर्षीय लकी पटेल नर्मदा में दर्शन करने के लिए गया हुआ था इसी दौरान गहरे पानी में चला गया जैसे बचाने के लिए उसका पिता गणेश पाटिल पानी में गया और वह तेज बहाव में बह गया था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चरगंवा पुलिस के साथ एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने नदी में तलाश शुरू की।

पांच किलोमीटर दूर मिला शव

लगातार कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद टीम को घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर पिता का शव मिला। नदी के बहाव के साथ शव काफी दूर तक बह गया था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में पिता की मौत की पुष्टि होने के बाद अब पूरा फोकस बेटे की तलाश पर है।

तेज बहाव बना चुनौती

नर्मदा नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बेटे की तलाश में जुटी टीमों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर संभावित स्थानों पर लगातार नदी को खंगाल रहे हैं। पुलिस की निगरानी में सर्च ऑपरेशन जारी है।

परिजनों में पसरा मातम

महाराष्ट्र से आए पिता-पुत्र के साथ हुए इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ओर पिता का शव मिलने से परिजन गमगीन हैं, वहीं बेटे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में उनकी नजरें नदी में चल रहे सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। पुलिस और बचाव दल द्वारा बेटे की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button