सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर कटनी की सड़कों पर छात्रों का मार्च, हाथों में तख्तियां लेकर पीपीपी मोड का विरोध, इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज की भी मांग

कटनी, यशभारत। कटनी एक्शन कमेटी ने सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर शहर की सड़कों पर मार्च निकाला। मांग की गई है कि कटनी में इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज भी खोला जाए। काले झंडे और तख्तियां लेकर छात्र और कटनी के नागरिक मार्च में शामिल हुए। मार्च रेलवे स्टेशन से होकर सुभाष चौक पहुंचा। सभी छात्रों और प्रदर्शनकारियों ने दिवंगत छात्र अक्षय यादव और छात्रा अर्चना जार को श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में कटनी निवासी छात्र अक्षत यादव का निधन हुआ था और इन्दौर में पढ़ाई कर रहीं अर्चना जार का सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। कटनी में कोई अच्छा शिक्षा संस्थान ना होने के कारण बच्चे बाहर जाते हैं और उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। छात्रों का यह मार्च मार्च गांधी द्वार से झंडा बाज़ार आज़ाद चौक पहुंचा। छात्रों और प्रदर्शनकारियों ने पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज के विरोध में नारे लगाये और पोस्टरों के माध्यम से कटनी के genz और genalpha को संदेश दिया कि कटनी में शिक्षा और चिकित्सा का बाज़ारी कारण बंद होना चाहिए। कटनी एक्शन कमेटी का मार्च मिशन चौक में समाप्त हुआ जहाँ तहसीलदार को तीनों मांगों के संबंध में ज्ञापन दिया गया। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी, भीम आर्मी, ओबीसी महासभा, ब्राहण महासभा, करनी सेना, गोडवाना गणतंत्र पार्टी के लोग भी मार्च से जुड़ते चले गए और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।








