सिविल लाइन चौराहा अब कहलाएगा ‘परशुराम चौराहा’, बनेगी भगवान परशुराम की 35 फीट ऊंची प्रतिमा

सागर, यशभारत ।शहर के प्रसिद्ध सिविल लाइन चौराहे को अब आधिकारिक तौर पर ‘परशुराम चौराहा’ के नाम से जाना जाएगा। महापौर संगीता सुशील तिवारी के प्रयासों और नगर निगम की पहल से ब्राह्मण समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। चौराहे पर परशुराम स्तंभ का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसके सौंदर्यीकरण के लिए अब वहां पारंपरिक प्रतीक चिह्न जैसे फरसा, धनुष और विशेष शिलालेख लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
हाल ही में महापौर संगीता सुशील तिवारी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर चौराहे का निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों का जायजा लिया। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंस्था सहित समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने इस संबंध में पूर्व में महापौर को ज्ञापन सौंपा था, जिसके बाद मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक में इस नामकरण के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई थी।
इसके साथ ही, शहर के अटल पार्क में भगवान परशुराम की 35 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से न केवल शहर के इस प्रमुख मार्ग को एक नई सांस्कृतिक पहचान मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण में भी इजाफा होगा।







