धार्मिक स्थलों, पंडालों, गरबा स्थलों पर नजर, एएसपी की अगुवाई में पुलिस ने की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कटनी, यशभारत। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों, गरबा एवं रामलीला आयोजन स्थलों सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने मिशन चौक से पैदल गश्त शुरू की, जो खेरमाई मंदिर, गरबा आयोजन स्थल, रामलीला स्थल और जलपा मढिय़ा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। इस दौरान धार्मिक स्थलों, प्रतिमा पंडालों, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा की। नवरात्रि के दौरान भीड़ को देखते हुए प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्रतिमा पंडालों, गरबा महोत्सव स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर फिक्स पॉइंट बनाकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों और दुकानों की चेकिंग कर संदिग्ध एवं आपत्तिजनक वस्तुओं पर नजर रखी। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्तिए वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पैदल भ्रमण में डीएसपी रत्नेश मिश्रा और यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह सहित पुलिस टीम के सदस्य शामिल रहे।







