भोपालमध्यप्रदेश

बाग उमराव दूल्हा रेलवे अंडरब्रिज 63 दिनों के लिए पूर्णतः बंद

बाग उमराव दूल्हा रेलवे अंडरब्रिज 63 दिनों के लिए पूर्णतः बंद

पुल बोगदा मार्ग पर भी अगले 20 दिन भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

भोपाल, यशभारत। राजधानी में यातायात और मेट्रो निर्माण से जुड़े दो बड़े बुनियादी विकास कार्यों के चलते शहर के प्रमुख व्यावसायिक व आवासीय क्षेत्रों का ट्रैफिक रूट आगामी दो महीनों के लिए बदल दिया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे और मेट्रो प्रशासन द्वारा जारी निर्माण कार्य योजना के तहत बाग उमराव दूल्हा रेलवे अंडरब्रिज एवं पुल बोगदा मार्ग पर बड़े पैमाने पर डायवर्जन लागू किया गया है।

रेलवे प्रशासन द्वारा अंडरब्रिज की बैरल लंबाई बढ़ाने और आवश्यक इंजीनियरिंग संशोधन के चलते 8 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक पूरे 63 दिनों का पूर्ण ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान यह मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।

दूसरी ओर, पुल बोगदा पर मेट्रो ट्रैक व स्टेशन निर्माण कार्य के कारण मार्ग की चौड़ाई प्रभावित हुई है। इस वजह से अगले 20 दिनों तक जिन्सी से प्रभात चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर चार-पहिया, मालवाहक और सवारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, इस मार्ग से केवल दो-पहिया एवं तीन-पहिया वाहनों को निकलने की छूट रहेगी।

यातायात पुलिस ने जारी की वैकल्पिक व्यवस्था
नगरीय यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए परिवर्तित मार्गों का उपयोग करें:

चार-पहिया एवं भारी वाहन: जिन्सी धर्मकांटे से प्रभात चौराहे की तरफ जाने के लिए सुभाष नगर अंडरब्रिज और ओवरब्रिज मार्ग का उपयोग करें।
स्थानीय दो-पहिया व तीन-पहिया वाहन: बाग उमराव दूल्हा अंडरब्रिज बंद होने से प्रभावित आसपास के स्थानीय निवासी आवागमन के लिए सुभाष अंडरब्रिज का रुख कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button