Top-5इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरेंराज्य

रक्तदान में अधिवक्ताओं की भागीदारी, 101 यूनिट का लक्ष्य

जबलपुर, यश भारत

जबलपुर, यश भारत। जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर की ओर से गुरुवार को अधिवक्ता भवन में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। महिला अधिवक्ताओं ने भी आगे बढ़कर इस सामाजिक पहल में भागीदारी की। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने बताया कि संघ की ओर से पिछले वर्ष भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। उस दौरान करीब 52 से 54 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ था। एकत्रित रक्त का उपयोग जरूरतमंद लोगों के लिए किया गया। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी संघ की ओर से की गई थी। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 101 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।

मनीष मिश्रा ने बताया कि शिविर में लगातार अधिवक्ता रक्तदान के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजन के दौरान अब तक 20 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया जा चुका था। उन्होंने कहा कि जिस तरह अधिवक्ताओं में रक्तदान को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है, उससे निर्धारित लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से आगे आकर इस सेवा कार्य में योगदान देने की अपील की।
अधिवक्ता डीपी सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय शिक्षित और जागरूक समाज का हिस्सा है। न्याय के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ अधिवक्ता सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए भी आगे आते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने शिविर में 26वीं बार रक्तदान किया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा सेवा कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button