नगर निगम परिषद की बैठक 14 अक्टूबर को, पहली बार सदन में बैठेंगे 52 पार्षद, पूरी तैयारी से पहुंचेंगे एल्डरमैन, नगर सुधार न्यास की जमीन और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स समेत अनेक मुद्दों पर तय हुआ एजेंडा

कटनी, यशभारत। नगर पालिक निगम कटनी के सामान्य सम्मेलन में इस बार 45 नहीं बल्कि 52 पार्षद शामिल होंगे। सदन में इस बार 7 एल्डरमैन ( मनोनीत पार्षद ) भी बैठक का हिस्सा बनने जा रहे हैं, इसलिए संख्या बढ़ गई है। एल्डरमैन को सदन में किसी मुद्दे पर मत विभाजन की स्थिति में वोटिंग का अधिकार नहीं होता, बाकी सभी सुविधाएं निर्वाचित पार्षदों के जैसे ही मिलती है। आधिकारिक घोषणा के अनुसार सम्मेलन आगामी 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे से नगर निगम सभागार में आयोजित किया जाएगा। निगम सचिव द्वारा जारी सूचना पत्र के अनुसार, इस बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता नीति, नजूल व अधिग्रहित भूमि और व्यावसायिक परिसरों के निर्माण से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विचार और निर्णय लिया जाएगा। सम्मेलन के संबंध में खजुराहो सांसद, मुड़वारा विधायक एवं नगर निगम के सभी पार्षदों को विधिवत सूचना भेजकर बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही महापौर, निगम अध्यक्ष एवं आयुक्त समेत सभी संबंधित प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों को एजेंडे की प्रतिलिपि प्रेषित की गई है। सम्मेलन के दौरान परिषद् की कार्य सूची (परिशिष्ट) में शामिल बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा, जिनमें पार्षदों के सवाल व जवाब: नियम 17 के तहत पार्षदों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे, जिसमें वार्ड क्रमांक 01 की पार्षद श्रीमती वंदना राज किशोर यादव द्वारा वार्ड में सीसी सड़क निर्माण को लेकर पूछा गया सवाल शामिल है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की जाएगी और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। इसके अलावा नगर पालिक निगम कटनी के तत्कालीन नगर सुधार न्यास की योजना क्रमांक 17 के तहत अधिग्रहित की गई भूमि को लेकर सदन में निर्णय लिया जाएगा। प्रमोटर स्कीम के अंतर्गत कटनी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित विश्राम गृह क्रमांक 02 के स्थान पर व्यावसायिक (वाणिज्यिक) केंद्र विकसित करने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इसी तरह अध्यक्ष महोदय की अनुमति से सदन की मेज पर शहरहित से जुड़े अन्य जरूरी मुद्दे भी रखे जा सकेंगे।







