बाघ के हमले से मवेशी चराने गए बुजुर्ग की मौत : वन विभाग ने शुरू की जांच, क्षेत्र में हड़कंप

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जंगल से लगे क्षेत्र में मवेशी चराने गए 62 वर्षीय बुजुर्ग पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और कुरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवानकन्हार ग्राम पंचायत के रमपुरी निवासी सुम्मर लाल (62) सोमवार दोपहर अपने मवेशियों को चराने के लिए पिंडरई बीट क्षेत्र में गए थे। बताया गया है कि वे पिंडरई बीट के कक्ष क्रमांक P358 से लगे राजस्व क्षेत्र में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद बाघ ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण बुजुर्ग को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी ग्रामीणों के माध्यम से वन विभाग और पुलिस को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों द्वारा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ ही बाघ की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में वन अमले की निगरानी भी बढ़ाई जा रही है, ताकि ग्रामीणों को संभावित खतरे से बचाया जा सके।
परिवार को मिलेगी आठ लाख की सहायता
वन विभाग द्वारा मृतक के परिवार को शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल और उससे लगे क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने तथा मवेशियों को चराने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर बाघ की सक्रियता वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को समूह में जाने और वन अमले द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों द्वारा बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।







