टायर फटा, अनियंत्रित हुई बस और देखते ही देखते लगी आग, 12 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

उज्जैन,यशभारत। उज्जैन से इंदौर जा रही यात्री बस मंगलवार दोपहर रामवास क्षेत्र में अचानक हादसे का शिकार हो गई। उज्जैन से करीब 15 किलोमीटर दूर बस का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान बस में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय बस में करीब 12 यात्री सवार थे।
बस से अचानक धुआं उठता देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों ने बिना समय गंवाए बस से बाहर छलांग लगा दी। सभी यात्रियों ने समय रहते सुरक्षित निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते बस पूरी तरह जलने लगी। सूचना मिलने के करीब 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
फायर फाइटर्स को आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। जब तक आग बुझाई गई, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। मौके पर बस का केवल लोहे का चेचिस ही बचा रह गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







