जनसंवाद की सूचना पर घेराबंदी कर 58.5 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक्टिवा जब्त

जनसंवाद की सूचना पर घेराबंदी कर 58.5 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक्टिवा जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधीनगर थाना पुलिस ने बीट पुलिसिंग के तहत आयोजित माइक्रो बीट जनसंवाद से मिली गोपनीय सूचना पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एयरोसिटी रोड पर घेराबंदी कर एक शातिर शराब तस्कर को दबोचा है। आरोपी के कब्जे से 58.5 लीटर अवैध देशी मदिरा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नीले रंग की एक्टिवा स्कूटर जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की एक्टिवा से अवैध शराब की तस्करी कर एयरोसिटी रोड से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एयरोसिटी रोड पर एयरोसिटी ब्रिज के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति नीले रंग की एक्टिवा पर गुलाबी रंग के दो प्लास्टिक के थैले रखे हुए आता दिखा। पुलिस टीम को सामने देखकर आरोपी ने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
थैलों से निकले 325 क्वार्टर
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जगदीश कुमार प्रियानी उर्फ जग्गू , निवासी शिवाजी वार्ड, गांधीनगर,भोपाल बताया। जब पुलिस टीम ने एक्टिवा पर रखे प्लास्टिक के थैलों की तलाशी ली,तो एक थैले में देशी मदिरा के 275 क्वार्टर और दूसरे थैले में 50 क्वार्टर कुल 325 क्वार्टर बरामद हुए। शराब के परिवहन के संबंध में आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए शराब व एक्टिवा को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट तहत अपराध दर्ज।







