तलैया में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत, बहोरीबंद के मढिया गांव में पसरा मातम

कटनी, यशभारत। बहोरीबंद तहसील के बाकल थाना अंतर्गत ग्राम मढिया में शनिवार शाम एक ऐसा कलेजा कंपा देने वाला हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव की एक तलैया में नहाने गईं दो सगी बहनों की पानी में डूबने से असमय मौत हो गई। एक ही घर के दो चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले। बाकल थाना प्रभारी दिनेश तिवारी से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मढिया निवासी भरत पटेल (उर्फ बाबू) की दो बेटियां—नेहा पटेल और निधि पटेल शनिवार की दोपहर करीब 3:00 बजे गांव के पास स्थित तलैया में नहाने के लिए गई थीं। नहाते समय पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों बहनें गहरे पानी में चली गईं। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों ही तलैया के गहरे पानी में समा गईं।
देर शाम बरामद हुए शव
जब काफी देर तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों और परिजनों ने तलैया के पास जाकर देखा, तो अनहोनी की आशंका गहरा गई। सूचना मिलते ही बाकल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद दोनों सगी बहनों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें पढ़ने में होनहार थीं और बहोरीबंद के मॉडल स्कूल में पढ़ती थीं। इनमें से एक बहन कक्षा 9वीं और दूसरी कक्षा 11वीं की छात्रा थी।
हर आंख नम, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर पहुंची बाकल थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस हादसे के विस्तृत कारणों की जांच कर रही है। दो लाड़ली बेटियों की इस तरह अचानक हुई मौत से मढिया गांव सहित बहोरीबंद मॉडल स्कूल में भी शोक की लहर है।








