पुलिस ने पकड़ा अवैध शराब का जखीरा, 55 लीटर मदिरा और एक्टिवा जप्त

पुलिस ने पकड़ा अवैध शराब का जखीरा, 55 लीटर मदिरा और एक्टिवा जप्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी की थाना टीटी नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर आरोपी को भारी मात्रा में अवैध देशी मदिरा के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह दोहर ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने माता मंदिर 56 की लाइन के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में एक्टिवा सवार व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम संतोष लोंडे (46 वर्ष), निवासी बंगाली कालोनी, पंचशील नगर, टी.टी. नगर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी प्लास्टिक की बोरी से देशी मदिरा प्लेन के 310 क्वाटर कुल 55 लीटर 800 मिली बरामद हुए। परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने मौके से सफेद रंग की एक्टिवा और शराब को विधिवत जप्त कर लिया। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 31,700 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी संतोष लोंडे ने बताया कि वह यह शराब बंगाली कालोनी निवासी चित्रा लोंडे के कहने पर बेचने के लिए लाता था। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़ा गया आरोपी संतोष लोंडे आपराधिक पृष्ठभूमि का है, जिसके खिलाफ टीटी नगर थाने में मारपीट व आबकारी एक्ट के पूर्व से 11 मामले दर्ज हैं। मामले की मुख्य आरोपी चित्रा लोंडे फिलहाल फरार है, जिसके खिलाफ भी 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।







