कटनी

त्योहारों पर रेलवे ने दी टे्रनों की सौगात, रीवा से इंदौर के बीच कटनी होकर चलेंगी 12 फेस्टीवल स्पेशल ट्रेनें

कटनी, यशभारत। दुर्गा पूजा,दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढऩे वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए रीवा और डॉ अंबेडकर नगर इंदौर के बीच 12 फेरों की स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन कटनी जंक्शन से होकर गुजरेगी। त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए स्पेशल ट्रेन के संचालन से विंध्य, महाकौशल और मालवा क्षेत्र के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 01710 रीवा से डॉ अंबेडकर नगर के लिए 10 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। ट्रेन रीवा से रात 10.50 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3.05 बजे डॉ अंबेडकर नगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01709 डॉ अंबेडकर नगर से रीवा के लिए 11 अक्टूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। यह ट्रेन रात 9.20 बजे डॉ अंबेडकर नगर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2.30 बजे रीवा पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में स्पेशल ट्रेन का ठहराव सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास और इंदौर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। त्योहारी सीजन में इस अतिरिक्त ट्रेन सेवा से यात्रियों को नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच वैकल्पिक यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से कटनी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को रीवा से इंदौर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
पितृपक्ष : जबलपुर से गया के बीच स्पेशल ट्रेन
पितृपक्ष के दौरान गया में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेल प्रशासन ने जबलपुर गया पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01701/01702 का संचालन तीन ट्रिप में किया जाएगा। इस ट्रेन से कटनी सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी आवागमन की सुविधा मिलेगी। जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 01702 गया जबलपुर एक्सप्रेस स्पेशल 28 सितंबर, 3 अक्टूबर और 8 अक्टूबर को गया से दोपहर 3.30 बजे रवाना होगी। ट्रेन कटनी होते हुए अगले दिन सुबह 8.10 बजे जबलपुर पहुंचेगी। कटनी स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित ठहराव सुबह 5.25 से 5.30 बजे तक रहेगा।
तीन ट्रिप में होगा संचालन
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01701 जबलपुर गया एक्सप्रेस स्पेशल 29 सितंबर, 4 अक्टूबर और 9 अक्टूबर को जबलपुर से रात 9.25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कटनी होते हुए अगले दिन दोपहर 2.30 बजे गया पहुंचेगी। कटनी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव रात 12.10 से 12.15 बजे तक रहेगा। स्पेशल ट्रेन में 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 सामान्य श्रेणी, 12 शयनयान श्रेणी, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और 2 एलएलआरडी कोच शामिल हैं।
भोपाल स्टेशन पर अब नहीं रुकेगी सोमनाथ एक्सप्रेस
पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव में बदलाव किया है। 26 सितंबर से जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव भोपाल स्टेशन के बजाय निशातपुरा स्टेशन पर होगा। रेलवे के अनुसार दोनों दिशाओं में चलने वाली इन ट्रेन का संचालन संत हिरदाराम नगर निशातपुरा कॉर्ड लाइन के माध्यम से किया जाएगा। इसके चलते ट्रेन को भोपाल स्टेशन से बायपास किया जाएगा। पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 11465/11466 जबलपुर वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव अब निशातपुरा स्टेशन पर निर्धारित किया गया है। रेलवे का कहना है कि इस बदलाव के बाद यात्रियों को निशातपुरा स्टेशन से इन ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध होगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के निर्धारित ठहराव और समय की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यम से जांचने की सलाह दी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button