सडक़ पर पिकअप स्टार्ट कर शराब के नशे में सो गया ड्राइवर, यातायात प्रभारी ने दिखाई तत्परता, टली बड़ी दुर्घटना

कटनी/पन्ना, यशभारत। पन्ना के सतना बेरियल स्थित काष्ठागार डिपो के आवासीय कॉलोनी के सामने शराब के नशे में धुत ड्राइवर बीच सडक़ पर पिकअप वाहन स्टार्ट कर सो गया। इस दौरान सैकड़ों गाड़ी निकलती रही। लोगों ने हॉर्न बजाकर ड्राइवर को जगाने का प्रयास किया गया लेकिन ड्राइवर अत्यधिक शराब का सेवन किए हुए था, इसलिए वह सो गया और पिकअप वाहन बीच सडक़ पर स्टार्ट खड़ी रही। घटना की जानकारी जागरूक नागरिकों द्वारा यातायात प्रभारी नीलम लक्ष्यकार को दी गई। उनके द्वारा यातायात पुलिस स्टाफ को मौके पर भेजा गया। यातायात पुलिस द्वारा ड्राइवर को जगाने का प्रयास किया गया लेकिन ड्राइवर तब भी नहीं उठा। जिस पर आरक्षक विक्रम सिंह द्वारा खुद पिकअप वाहन को सडक़ से साइड किया गया और शराब के नशे में धुत ड्राइवर के साथ पिकअप वाहन को यातायात थाने पहुंचाया गया, जहां पर भी ड्राइवर नशे की हालत में सो रहा था। यातायात थाना प्रभारी की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।







