सीवर का दंश, घंटों थमा टै्रफिक, बरगवां और साऊथ स्टेशन मार्ग पर निर्माण की वजह से महाजाम, रेंगते नजर आए वाहन, मिशन चौक ओवर ब्रिज के ऊपर वाहनों की कतार

कटनी, यशभारत। सीवर लाइन बिछाए जाने में ठेकेदार की मनमानी का दंश पूरा शहर भोग रहा है। कहीं भी-कभी भी काम शुरू होने के चलते शहर का हर वर्ग परेशान है। पिछले 15 दिनों से बरगवां मार्ग पर डॉ. शैफाली गुप्ता के हॉस्पिटल से आईसीआईसीआई बैंक तक सीवर लाइन की खुदाई का काम चल रहा है, जिसके चलते इस मार्ग को वनवे किया गया है। जिसके चलते कल शाम शहर में महाजाम की स्थिति निर्मित हो गई। तीन घंटे तक पूरा शहर जाम में फंसा रहा। दुपहिया से लेकर चार पहिया वाहन सडक़ों पर रेंगते नजर आए। मिशन चौक ओव्हर ब्रिज के ऊपर भी इसी तरह के हालात बने रहे। स्थिति यह रही कि माधवनगर गेट से लेकर बरगवां होते हुए बस स्टेंड तक हजारों वाहन जाम में फंसे रहे। जाम की सूचना मिलने के बाद यातायात एवं कोतवाली पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से जाम खुलवाया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति चांडक चौक की रही।
भट्ठा मोहल्ला में अचानक शुरू किया काम
कटनी साऊथ स्टेशन जाने वाले मार्ग पर लक्ष्मी पान भंडार के पास सीवर लाइन का काम अचानक शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र के नागरिकों का कहना था कि सुबह जब वे सोकर उठे तो घर के बाहर सडक़ की खुदाई चल रही थी। अचानक शुरू किए गए सीवर लाइन निर्माण की वजह से इस मार्ग पर हर दिन आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि दुपहिया, ई-रिक्शा और आटो चालकों को पतली और सकरी कुलिया से होकर कटनी साऊथ स्टेशन तक पहुंचना पड़ रहा है। साउथ स्टेशन जाने वाले मार्ग पर चल रहे सीवर लाइन निर्माण की वजह से न केवल वाहन चालक बल्कि इस इलाके के वाशिंदे भी परेशान हैं। घर के सामने सुबह से ही वाहनों की कतार लग जाती है। स्थिति यह है कि लोगों को खुद ही अपने घर से बाहर निकलकर जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करना पड़ रहा है।
वनवे ट्रैफिक की वजह से लगा जाम
बरगवां मार्ग पर वनवे टै्रफिक की वजह से हर रोज जाम लग रहा है। कल शाम 6 बजे इस मार्ग पर महाजाम की स्थिति निर्मित हो गई। आलम यह रहा कि माधवनगर गेट से लेकर बरगवां होते हुए मिशन चौक, आजाद चौक, चांडक चौक, नदीपार, बस स्टैंड तक जाम लग गया। मिशन चौक ओवर ब्रिज के ऊपर वाहन ऐसे फंस गए कि एक भी वाहन आगे बढऩे की स्थिति में नहीं था। बड़ी संख्या में दुपहिया और चार पहिया वाहन चालक जाम में फंस गए। जाम लगने के बाद बरगवां में ट्रैफिक सूबेदार सोनम उइके और चांडक चौक में कोतवाली टीआई राखी पांडे ने स्टाफ के साथ मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद जाम खुला और लोग अपने गंतव्य के लिए निकले।
वैकल्पिक मार्गों के संकेत भी नहीं लगाए
कटनी साऊथ स्टेशन, एसीसी कैल्डरीज फैक्टरी और आयुध निर्माणी जाने वाले मार्ग पर लक्ष्मी पान भंडार से जय हिन्द चौक तक चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सडक़ को पूरी तरह खोद दिए जाने से आवागमन व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि मार्ग पर न तो यातायात संचालन की कोई समुचित व्यवस्था की गई है और न ही वैकल्पिक मार्गों के संकेत लगाए गए हैं। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोग भी रास्ता भटकने को मजबूर हो रहे हैं। यह मार्ग मुड़वारा स्टेशन से साउथ स्टेशन तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता माना जाता है, जहां दिन भर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। लेकिन सीवर निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते सडक़ पर धूल, गड्ढे और जाम की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने लगाए आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले न तो ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया और न ही सुरक्षा इंतजाम किए गए। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग तक नजर नहीं आ रही, जिससे हादसे की आशंका भी बढ़ गई है। नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित एजेंसी से मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था कर निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
अनूप सिंह यातायात और राहुल पांडे कंट्रोल रूम प्रभारी
पुलिस अधीक्षक अभिनस विश्वकर्मा द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर को यातायात थाना प्रभारी एवं ट्रैफिक सूबेदार राहुल पांडे को पुलिस कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेश के अनुसार राहुल पांडे अब कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं, आपातकालीन सूचनाओं के समन्वय तथा पुलिस संचालन की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस विभाग में उनके अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।







