कटनी

हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस, दुकान संचालक की जिन्दा जलकर मौत का मामला पुलिस के लिए बना चुनौत, पीडि़त पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कछगवां (जोबा) में 52 वर्षीय रघुनाथ पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर हुई मौत का मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि गांव के ही एक व्यक्ति ने आग में जिन्दा जलाकर हत्या की है। घटना के बाद परिजनों सहित गांव के लोगों का आक्रोश भडक़ गया और शव रखकर प्रदर्शन किया गया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उधर दूसरी तरफ जिन्दा जलने से एक व्यक्ति की मौत के बाद से ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है। हैरानी वाली बात ये है कि शख्स को जलते हुए आने-जाने वाले लोगों ने भी देखा, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ। यशभारत इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे काफी कुछ स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल इस मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कछगवां जोबा में शनिवार की शाम 52 वर्षीय रघुनाथ पटेल पिता जगदीश पटेल की जली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जलते हुए शख्स का वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। बताया जाता है कि मृतक रघुनाथ पटेल गांव में कबाड़ की दुकान चलाते थे। घटना के बाद पूरे गांव में हडक़म्प मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सडक़ पर रखकर कैमोर रोड पर चकाजाम कर न्याय की गुहार लगाई। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि गांव के ही तेजीलाल की साजिश थी, जिसने आग लगाकर मार डाला। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
ग्रामीणों ने किया चकाजाम, गिरफ्तारी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन पहले रघुनाथ और तेजी लाल के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस पहुंची लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। अगर कल ही गिरफ्तारी हो जाती, तो यह हादसा न होता। कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा पर लापरवाही के गंभीर आरोप हैं, जिससे इलाके में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने दो घंटे बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
जिंदा जलते व्यक्ति का वीडियो वायरल
परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे जब उनका बेटा पंकज दुकान पहुंचा तो दुकान में आग लगी हुई थी और रघुनाथ अंदर झुलसी हालत में पड़े थे। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति जलता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश और बढ़ गया।
पुराने विवाद की चर्चाएं
मृतक के परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि गांव के ही तेजी लाल चौधरी से पुराना विवाद चल रहा था और उसी के चलते यह वारदात की गई। परिजनों का कहना है कि एक दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और पुलिस को सूचना भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इनका कहना है
नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने कहा कि घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पीडि़त पक्ष के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 6 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार की सुबह पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे, तब लोगों ने प्रदर्शन किया और गांव के किसी व्यक्ति पर जलाकर मार देने का आरोप लगाया। जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया जा रह है, वह दोनों पैरों से विकलांग है। इसके बाद भी पुलिस पूरे मामले की सूक्ष्मता के साथ जांच कर ही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button