कटनी
कबाड़ की दुकान में युवक को लगा करंट, एनकेजे थाना क्षेत्र के खिरहनी में घटना, परिजनों में मातम

कटनी, यशभारत। एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत खिरहनी स्थित एक कबाड़ की दुकान में करंट लगने से भट्ठा मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय सौरभ वंशकार की मौत हो गई। घटना के बाद युवक को जिला अस्पताल लेकर आया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जाता है कि इसके बाद परिजन युवक को लेकर कचहरी चौक स्थित एमजीएम हॉस्पिटल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया। जिला अस्पताल के सामने बड़ी संख्या में परिजन एकत्रित हो गए। घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया।






