सरकारी भूमि पर खेती को लेकर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडों से मारपीट, गर्भवती महिला समेत आधा दर्ज घायल

ेकटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र की बोरी पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम रंगौली में शासकीय भूमि पर खेती करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी डंडों से मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है, जबकि एक युवक को गंभीर चोट के चलते जिला अस्पताल कटनी रिफर किया गया है। जानकारी के अनुसार रंगौली गांव में शासकीय भूमि पर खेती करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। सोमवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लाठी डंडे चलने से छह लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। बीएमओ डॉ एस के लोधी के अनुसार एक पक्ष से गोविंद पिता सतैनिया चौधरी उम्र 19 वर्ष, दौलत चौधरी पिता सतैनिया चौधरी 23 वर्ष और राधाबाई चौधरी पति गोविंद चौधरी घायल हुए हैं। इनमें दौलत चौधरी के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी रिफर किया गया। दूसरे पक्ष से जितेंद्र चौधरी पिता देहराम चौधरी उम्र 40 वर्ष, उनकी पत्नी गर्भवती सावित्री बाई तथा दयाराम चौधरी घायल बताए गए हैं। गर्भवती महिला के घायल होने की जानकारी सामने आने के बाद घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद बोरी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मारपीट की वास्तविक वजह शासकीय भूमि पर खेती को लेकर विवाद की स्थिति और दोनों पक्षों की भूमिका मेडिकल रिपोर्ट व जांच के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।







