हाइवे में डीजल चोरी के आरोपी को माधवनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल जब्त, कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना

कटनी, यशभारत। नेशनल हाइवे पर ट्रकों से डीजल चुराने वाले आरोपी को माधवनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी तीन वारदातों को आजम दे चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जिला न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पत्रकारवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि विगत 26 अगस्त को ट्रक चालक सुरेश कुमार खरोल व्दारा रिपोर्ट लेख कराई गई कि 25-26 अगस्त की दरमियानी रात जायसवाल ढाबा पिपरौंध के सामने अपना ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ-32-GD-5722 को खड़ा कर खाना पीना खाकर ट्रक में ही सो गया था, सुबह करीब 5 बजे जब सोकर उठा तो देखा ट्रक की टंकी का ढक्कन टूटा हुआ था अज्ञात चोरों के व्दारा ट्रक की टंकी का ढक्कन तोडकर डीजल चोरी किया गया है। साथ ही रात के समय सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार नंबर MP-21 से को ट्रक के पास घूमना बताया। उक्त रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 868/26 धारा 303 (2) बीएनएस का कायम किया गया। सुरागरसी के आधार पर मुखबिर सूचना एवं सायबर सेल से तुरंत संपर्क किया गया, जिस पर संदेही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-21-CA-6181 नीलेश उर्फ अंकू जैन के गोदाम लखापतेरी में खड़ी मिली, जिसमें डीजल से भरे हुए कुल 9 डिब्बे जिसमें करीब 225 लीटर डीजल भरा हुआ एवं डीजल निकालने का पाइप मय इंस्ट्रूमेंट एवं डीजल भरने निकालने की 2 बड़ी चुंगी मिली उक्त सामग्री आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन के कब्जे से जप्त की गई जप्तशुदा सामग्री की कुल कीमत 4,72,000 रुपये के करीब है। आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन से पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किया एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन पूर्व में भी डीजल चोरी के 3 अपराधों में संलिप्त रहा है। विवेचना जारी है। जिले में हुए अन्य डीजल चोरी के अपराधों के संबंध में आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी निलेश उर्फ अंकू जैन को आज मान. न्याय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की घटना का खुलासा एवं डीजल चोर गैंग का पता किया जायेगा।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी निलेश उर्फ अंकू जैन पिता राकेश जैन उम्र 36 साल निवासी ग्राम पिपरौंध थाना माधवनगर जिला कटनी को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में माधवनगर थाना प्रभारी शेलेन्द्र सिंह यादव, चौकी प्रभारी राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूष सिंह, सउनि सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्र.आर. राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आर. सौरव कुमार, आर. चन्द्रकमल पाण्डेय व सायबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







