50 लाख ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति का मालिकाना हक – 17 सितंबर से शुरू होगा स्वामित्व अभियान

50 लाख ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति का मालिकाना हक
– 17 सितंबर से शुरू होगा स्वामित्व अभियान
– 41568 गांवों में 68.47 लाख भूखंडों का सर्वे पूरा
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश में ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाने के लिए 17 सितंबर से स्वामित्व अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेश के 50 लाख से अधिक पात्र ग्रामीण हितग्राहियों की संपत्तियों की निशुल्क रजिस्ट्री कराकर उन्हें अधिकार अभिलेख सौंपे जाएंगे। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का है।
68.47 लाख भूखंडों का सर्वे पूरा
स्वामित्व अभियान के तहत प्रदेश के 41,568 गांवों में सर्वे का काम पूरा किया जा चुका है। इस दौरान कुल 68 लाख 47 हजार भूखंडों का सर्वे किया गया है। अब पात्र हितग्राहियों की पहचान के बाद उनके नाम संपत्तियों की निशुल्क रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अधिकार अभिलेख भी मिलेंगे
अभियान के दौरान ग्रामीणों को उनकी संपत्ति से संबंधित अधिकार अभिलेख भी सौंपे जाएंगे। इससे ग्रामीणों को अपनी संपत्ति पर कानूनी मालिकाना हक मिलने के साथ जमीन से जुड़े विवादों में कमी आने की उम्मीद है। सरकार का जोर ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी और जनसेवा को मजबूत करने पर है।







