भोपालमध्य प्रदेश

वर्दी का रौब दिखाकर स्कूटी उड़ाने वाला शातिर धराया: सिग्नल तोड़ते ही कैमरे में कैद हुआ चेहरा, ट्रैफिक चालान से पर्दाफाश

वर्दी का रौब दिखाकर स्कूटी उड़ाने वाला शातिर धराया: सिग्नल तोड़ते ही कैमरे में कैद हुआ चेहरा, ट्रैफिक चालान से पर्दाफाश

भोपाल, यशभारत। राजधानी में मध्य प्रदेश पुलिस की वर्दी का गलत फायदा उठाकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक जालसाज का दिलचस्प तरीके से पर्दाफाश हुआ है। आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर बेफिक्र होकर घूमता था और मौका पाते ही गाड़ियां पार कर देता था। हालांकि, यातायात नियम तोड़ना और पुलिस का चालानी सिस्टम ही उसकी गिरफ्तारी का मुख्य जरिया बन गया।

जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा का मूल निवासी यह आरोपी भोपाल के करोंद इलाके में किराए से रह रहा था। 22 अगस्त को उसने हमीदिया अस्पताल के परिसर से महिला नर्सिंग ऑफिसर नीलू साहू की स्कूटी चोरी की। वारदात के बाद आरोपी बेखौफ होकर उसी चोरी की स्कूटी पर घूमता रहा, लेकिन 2 सितंबर को रोशनपुरा चौराहे पर उससे एक चूक हो गई। उसने रेड लाइट जंप कर दी, जिसे वहां लगे ट्रैफिक कैमरों ने तुरंत डिटेक्ट कर चालान जनरेट कर दिया।

जब चालान का ऑटोमेटेड मैसेज और उसकी फोटो लिंक असली वाहन मालिक महिला नर्स के मोबाइल पर पहुंची, तो मामला पूरी तरह उलट गया। लिंक खोलकर देखने पर चोरी हुई स्कूटी को एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर चलाता हुआ साफ दिखाई दिया।

पीड़िता ने तुरंत इसकी जानकारी कोहेफिजा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने चालान की फोटो और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का रूट ट्रेस किया और घेराबंदी कर उसे भानपुर इलाके से धर दबोचा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह वर्दी पहनकर लोगों पर प्रभाव जमाता था ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि उसने शहर के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button