कटनी

आपसी सौहार्द्र के बीच मनाएं त्योहार, गणेशोत्सव को लेकर पुलिस थानों में शांति समिति की बैठक

कटनी, यशभारत। आगामी त्यौहारों एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले के सभी पुलिस थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को विजयराघवगढ़, कुठला और बरही थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बरही थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धारवे, थाना प्रभारी अरविंद कुमार चौबे, तहसीलदार बरही एवं नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल सहित शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कुठला थाने में आयोजित शान्ति समिति की बैठक में नायब तहसीलदार आकाश नीरज, थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, जनप्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, नागरिक एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। विजयराघवगढ़ थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद विजयराघवगढ़ के उपाध्यक्ष, पत्रकार , नागरिक, वार्ड पार्षद, गणेश उत्सव समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
थानों में आयोजित बैठक में त्यौहारों में कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, जुलूस एवं विसर्जन व्यवस्था, धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। नागरिकों से अपील की गई कि त्यौहारों के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें, साथ ही आयोजकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई
गणेश उत्सव को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाने व किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा गणेश उत्सव जैसे बड़े आयोजनों की सफलता में जनता का सहयोग महत्वपूर्ण होने की बात कही। साथ ही असामाजिक तत्वों को यह भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि पुलिस मुस्तैद है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। गणेश उत्सव आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे और शांति के वातावरण में मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button