भोपाल में ब्रिक्स सम्मेलन आज से, तीन दिनों तक बदला रहेगा यातायात व्यवस्था; इन रास्तों का करें उपयोग

भोपाल में ब्रिक्स सम्मेलन आज से, तीन दिनों तक बदला रहेगा यातायात व्यवस्था; इन रास्तों का करें उपयोग
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज से तीन दिवसीय ब्रिक्स कार्य समूह सम्मेलन का भव्य आगाज होने जा रहा है। 5 से 8 अगस्त तक कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर मिंटो हॉल में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में 12 देशों के संस्कृति मंत्री, हेड ऑफ डेलीगेशन और सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। वीआईपी आवाजाही और प्रतिनिधियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में व्यापक रूट डायवर्जन जारी किया है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुबह 9 से 11 बजे तक रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विदेशी डेलीगेट्स की आवाजाही के समय प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक मिंटो हॉल और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार यातायात परिवर्तित किया जाएगा।
विभिन्न होटलों से आवाजाही के तय मार्ग
होटल ताज से: काफिला भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, पॉलिटेक्निक और मछलीघर होकर मिंटो हॉल पहुंचेगा।
कोर्टयार्ड मैरियट व गोल्डन ट्यूलिप से: वाहन एमपी नगर चौराहा, जेल रोड और कंट्रोल रूम तिराहा से होकर गुजरेंगे।
रेडिसन होटल से: डेलीगेट्स का काफिला रोहित नगर, चुनाभट्टी, मैनिट, माता मंदिर और पॉलिटेक्निक मार्ग से कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ेगा।
जहाँनुमा होटल व सदर मंजिल से: यहाँ से आने वाले प्रतिनिधि पॉलिटेक्निक-मछलीघर तथा सदर मंजिल से रॉयल मार्केट, रेतघाट और किलोल पार्क होते हुए मिंटो हॉल पहुंचेंगे।
मानव संग्रहालय भ्रमण के दौरान भी प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
प्रतिदिन शाम 4:30 बजे डेलीगेट्स मिंटो हॉल से स्मार्ट रोड होते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के लिए रवाना होंगे। इस दौरान भी संबंधित मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
एमवीएम मैदान में होगी पार्किंग
मिंटो हॉल परिसर में केवल संस्कृति मंत्रालय से जारी पाासधारी वाहनों को ही प्रवेश और पार्किंग की अनुमति होगी। अन्य सभी वाहनों के लिए एमवीएम मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि परेशानी से बचने के लिए तय डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।







