ऊधमपुर में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़, दो आतंकी मारे गए
सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, रातभर चला ऑपरेशन

ऊधमपुर,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बुधवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। मजालता के खुबन इलाके में हुई इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मारे गए आतंकियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को मजालता तहसील के खुबन इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। पिछले कुछ समय से यहां सात से आठ आतंकियों की संभावित मौजूदगी की अपुष्ट जानकारी भी सुरक्षा एजेंसियों को मिल रही थी। इसके बाद से सुरक्षाबल इलाके में लगातार निगरानी रख रहे थे।
बुधवार देर शाम रामकोट-बिलावर मार्ग के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों की तलाश शुरू की। रात करीब नौ बजे तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों की ओर से रॉकेट दागे जाने की आवाज भी सुनाई दी। अंधेरा होने और इलाके की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रात में अभियान को रोकना पड़ा। हालांकि, सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी और मजबूत कर दी। सुबह होते ही तलाशी अभियान दोबारा तेज किया गया।
प्रारंभिक कार्रवाई में दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। सुरक्षा बल यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि इलाके में और कितने आतंकी मौजूद हैं। उनकी पहचान और संगठन से जुड़े विवरण जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी अन्य संदिग्ध की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।







