मध्य प्रदेशराज्य

राशन दुकानों में बड़ा खेल!: 125 दुकानों पर एक साथ जांच, 36 में गड़बड़ी, 61 दुकानों की रिपोर्ट में 754 क्विंटल राशन का हिसाब संदिग्ध

दमोह। गरीबों के हक के राशन में गड़बड़ी करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलेभर की 125 उचित मूल्य राशन दुकानों पर एक साथ आकस्मिक जांच कराई गई। प्रथम चरण में सामने आई 61 दुकानों की जांच रिपोर्ट में 36 दुकानों पर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। जांच के दौरान करीब 754 क्विंटल राशन सामग्री में विसंगति और हेराफेरी सामने आने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में हलचल मच गई है।

 

प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में राशन दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक और वितरण व्यवस्था का सत्यापन किया गया। जांच अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध सामग्री और रिकॉर्ड का मिलान किया। प्रथम चरण की रिपोर्ट में बड़ी संख्या में दुकानों पर अनियमितता सामने आने के बाद अब संबंधित विक्रेताओं की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

 

दोषी विक्रेताओं पर दर्ज होगा प्रकरण

जिला प्रशासन के अनुसार जांच में दोषी पाए जाने वाले राशन दुकान विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी करने, जुर्माना लगाने और नियमानुसार अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने साफ शब्दों में कहा है कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र उपभोक्ताओं को शासन द्वारा निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न सही समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अब बाकी दुकानों की रिपोर्ट पर नजर

125 दुकानों की जांच में अभी प्रथम चरण में 61 दुकानों की रिपोर्ट सामने आई है। इनमें 36 दुकानों पर अनियमितता मिलने के बाद अब शेष दुकानों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। ऐसे में आने वाले दिनों में राशन वितरण से जुड़ी और भी गड़बड़ियां सामने आती हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button