मध्य प्रदेश

ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत

नरसिंहपुर गोटेगांव मार्ग पर सुबह हुआ हादसा

नरसिंहपुर,यशभारत। गोटेगांव मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

गोटेगांव मार्ग पर सुबह हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे गोटेगांव थाना क्षेत्र के चाँदनखेड़ा तिराहे (कमती इमलिया गांव के पास) पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक एमपी 49 एच 3244) ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवक दूर जा गिरे।

मजदूरी करने जा रहे थे तीनों युवक

हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान शिवम ठाकुर (22 वर्ष), प्रकाश पटेल (30 वर्ष) और प्रहलाद लोधी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मृतक इमलिया गांव के रहने वाले थे और रोज की तरह शनिवार सुबह भी मजदूरी करने के लिए गोटेगांव जा रहे थे। इस हादसे की खबर मिलते ही इमलिया गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

अस्पताल में मची चीख-पुकार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही गोटेगांव थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गोटेगांव बीएमओ (BMO) डॉ. एस.एस. धुर्वे ने तीनों युवकों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button