7 माह की गर्भवती ने दिया 3 बच्चियों को जन्म : जिला अस्पताल में सफल हुई नॉर्मल डिलीवरी

सतना यश भारत। जिला अस्पताल में एक दुर्लभ चिकित्सकीय उपलब्धि दर्ज की गई। रामवन क्षेत्र के ग्राम सतरी निवासी प्रियंका साकेत ने सात माह की गर्भावस्था में एक साथ तीन बच्चियों को सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए जन्म दिया। समय से पूर्व जन्म और कम वजन होने के कारण तीनों नवजातों को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
प्रसूता को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। जांच में पहले ही स्पष्ट हो चुका था कि गर्भ में तीन शिशु पल रहे हैं। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपाक्षी सिंह तथा उनकी टीम की देखरेख में सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार पहली बच्ची का जन्म रात 10:25 बजे, दूसरी का 11:45 बजे और तीसरी बच्ची का जन्म 11:56 बजे हुआ। करीब डेढ़ घंटे के भीतर तीनों बच्चियों का सुरक्षित जन्म हुआ। प्रत्येक नवजात का वजन लगभग एक किलोग्राम बताया गया है।
चिकित्सकों के अनुसार, सातवें माह में ट्रिपलेट शिशुओं का जन्म और वह भी सामान्य प्रसव के माध्यम से होना अत्यंत दुर्लभ स्थिति मानी जाती है। समय से पहले जन्म लेने के कारण तीनों बच्चियों को तत्काल एसएनसीयू में भर्ती कर विशेष उपचार एवं निगरानी शुरू कर दी गई है। वहीं प्रसूता प्रियंका साकेत की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य और स्थिर बनी हुई है।
जिला अस्पताल में पिछले आठ माह के भीतर ट्रिपलेट डिलीवरी का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 22 नवंबर 2025 को मैहर जिले की एक महिला ने यहां तीन शिशुओं को जन्म दिया था। वहीं 27 अप्रैल 2026 को पन्ना जिले की एक प्रसूता की भी जिला अस्पताल में सफल सामान्य ट्रिपलेट डिलीवरी कराई गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को चिकित्सक जिला अस्पताल की विशेषज्ञ सेवाओं और टीमवर्क की महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।







