महानदी में अवैध रेत कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, जेसीबी से बंद किए गए रास्ते
अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप, गांवों से नदी तक बने मार्ग किए ध्वस्त

महानदी में अवैध रेत कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, जेसीबी से बंद किए गए रास्ते
अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप, कई गांवों से नदी तक बने मार्ग किए ध्वस्त

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ में अवैध रूप से रेत खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महानदी तक पहुंचने वाले अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन की सहायता से बंद कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि रेत खनन और परिवहन पर प्रतिबंध होने के बावजूद कुछ लोग महानदी में अवैध रूप से रास्ते बनाकर वाहनों के माध्यम से रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं।
थाना क्षेत्र के खजुरा, हन्तला, भिम्पार, घुनौर, खिरवा नंबर-1 और चेहला टोला खिरवा सहित कई स्थानों से नदी तक बनाए गए अवैध मार्गों का उपयोग रेत परिवहन के लिए किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से गड्ढे खुदवाकर इन रास्तों को बंद कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि अवैध रेत खनन या परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, प्रधान आरक्षक मुकेश परस्ते, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







