कटनी

शॉर्ट सर्किट से दुकान में भडक़ी आग, सतर्कता से टला बड़ा हादसा, रोज फुंक रहे ट्रांसफॅार्मर, फायर ब्रिगेड कर्मियों ने दिखाई तत्परता

कटनी, यशभारत। जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आगजनी की घटनाओं में तेजी देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटे में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह रही कि हर सूचना पर फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते आग पर काबू पाया और संभावित बड़े हादसों को टाल दिया। खिरहनी ब्रिज से दुबे कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक केमिस्ट की दुकान में आज सुबह अचानक आग लग गई। जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सुबह जब दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं, तो लोगों ने इसकी सूचना दुकानदार को दी। दमकल के पहुंचने से पहले ही लोगों ने सक्रियता दिखाई और संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। गनीमत रही कि आग की सूचना समय पर मिल गई और लोगों की मदद से उसे बुझा लिया गया, वरना घनी आबादी और दवाइयों के स्टॉक के कारण आग विकराल रूप ले सकती थी। इस घटना में दुकान के भीतर रखे फर्नीचर और दवाइयों के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। दुकानदार घटना स्थल पर पहुंचकर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। इसी तरह नई बस्ती में सरस्वती स्कूल के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में देर रात आग भडक़ उठी। बड़वारा क्षेत्र के ग्राम नन्हवारा, कुठला थाना अंतर्गत ग्राम रैपुरा और एनकेजे क्षेत्र के जुहली बायपास के पास भी आग लगने की घटनाएं सामने आई। वहीं माधव नगर के तांगा स्टैंड क्षेत्र में भी देर रात आग की घटना हुई। इन सभी घटनाओं में अलग-अलग जोन से दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने तेजी से कार्रवाई कर आग पर नियंत्रण पाया।
भीषण गर्मी में बढ़ा आग का खतरा
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यह संकेत दे दिया है कि भीषण गर्मी के चलते आग लगने का खतरा बढ़ गया है। छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन और फायर ब्रिगेड पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बिजली उपकरणों, ज्वलनशील पदार्थों और खुले में आग के उपयोग को लेकर विशेष सावधानी बरतें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button