कटनी

दम्पति की चमकी किस्मत, खुदाई में मिला हीरा, रंग लाई 6 महीने की मेहनत, दो उज्ज्वल और दो मैले किस्म के

कटनी/पन्ना, यशभारत। मध्यप्रदेश की रत्नगर्भा धरती अब सिर्फ पन्ना जिले के लोगों की ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की भी किस्मत चमका रही है। ताजा मामला पन्ना जिले का है, जहां उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से आकर हीरे की खदान खोद रही एक महिला को एक साथ चार हीरे मिले हैं। झांसी निवासी गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास ने ग्राम सरकोहा में निजी खेत में हीरा खनन के लिए हीरा कार्यालय से महज 200 रुपये में पट्टा बनवाया था। दंपती पिछले करीब छह महीने से लगातार खदान में मेहनत कर रहे थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और 1 अक्टूबर को दो तथा 2 अक्टूबर को दो हीरे मिले। चारों हीरों को दंपती ने हीरा कार्यालय पन्ना में जमा करा दिया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है। इनमें दो हीरे उज्ज्वल और दो मैला किस्म के हैं। इन हीरों को आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। रजाकुमार श्रीवास ने बताया कि उन्होंने समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों में पन्ना में हीरे मिलने की खबरें देखी थीं। इसी से प्रेरित होकर करीब छह महीने पहले पन्ना आकर हीरा खदान का पट्टा लिया और लगातार मेहनत करते रहे। उनका कहना है कि भगवान श्री जुगल किशोर की कृपा से उन्हें यह सफलता मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button