मध्य प्रदेशराज्य

यश भारत खबर का असर : दुरुस्त हुई झूलती बिजली लाइन

करंजिया। ग्राम पंचायत करंजिया के पनकू टोला में लंबे समय से झूलती बिजली लाइन और टूटे तारों की समस्या से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई। “बांस के सहारे टिकी मेन लाइन” शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और गांव पहुंचकर खराब विद्युत लाइन को दुरुस्त कराया।

गौरतलब है कि पनकू टोला में बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे थे, जिससे कुछ दिन पहले खेत में आग लगने की घटना भी सामने आई थी। ग्रामीण लगातार विभाग को सूचना दे रहे थे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था। कई स्थानों पर बिजली की लाइन बांस के सहारे टिकी हुई थी, वहीं एक मेन लाइन का तार टूटकर लटका हुआ था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

मामले को यशभारत द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विद्युत विभाग ने रविवार को गांव पहुंचकर झूलते तारों को व्यवस्थित किया और टूटी हुई मेन लाइन को भी दुरुस्त किया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद गांव में दोबारा विद्युत सप्लाई सुचारू रूप से शुरू हो सकी।
ग्रामीणों ने समस्या के समाधान पर राहत जताते हुए मीडिया और विभाग का आभार व्यक्त किया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अब भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो और गांव की बिजली व्यवस्था स्थायी रूप से सुरक्षित बनाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button