दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत : परिजनों के नहीं रुक रहे आंसू

सतना। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को माधवगढ़ स्थित नदी में अपने दोस्तों के साथ नहाने गया 21 वर्षीय अर्चित सिंह पानी में डूब गया। दोस्तों के बचाने के प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि सरिया टोला माधवगढ़ निवासी अर्चित सिंह (21) अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ नदी में बने एनीकेट में नहाने गया था। लगभग डेढ़ घंटे तक नहाने के बाद सभी दोस्त एक-एक कर नदी से बाहर निकल रहे थे।
इसी दौरान अर्चित का पैर फिसल गया और वह पानी की गहराई में चला गया। वहां मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगाई, लेकिन अर्चित का पता नहीं चल सका। दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे। इसके बाद युवक को बाहर निकल गया जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया।







