लौटेंगे लल्लू भैया की तलैया के पुराने दिन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की योजना बनाने वाले भू-माफियाओं को झटका, यशभारत की खबर के बाद हरकत में आया जिला प्रशासन, सौन्दर्यीकरण की पहल : अस्तित्व को बचाकर मूल स्वरूप में वापस लाने की तैयारी

कटनी, यशभारत। शहर की ऐतिहासिक धरोहर लल्लू भैया की तलैया को पाटकर उस पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर करोड़ो कमाने की योजना बनाने वाले कतिपय भू-माफियाओं को करारा झटका लगा है। यशभारत की खबर के बाद हरकत में आए प्रशासन द्वारा तलैया के अस्तित्व को बचाने के लिए अभियान की शुरूआत की गई है।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन द्वारा तलैया में पाटे गए मलमे को बाहर निकालकर इसे मूल स्वरूप में वापस लाने के प्रयास शुरू किए गए हैं। गौरतलब है कि शहर की प्रसिद्ध लल्लू भैया की तलैया में कतिपय भू-माफियाओं की गिद्धदृष्टि पड़ चुकी थी। पिछले काफी समय से तलैया को पाटने का सिलसिला चल रहा था। सूत्रों की मानें तो लल्लू भैया की तलैया की अरबों रूपए की जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी की जा रही थी। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पॉवर ऑफ अटार्नी के जरिए उमरिया निवासी एक व्यक्ति द्वारा लल्लू भैया की तलैया को पाटने का काम किया जा रहा था। इन्हें न तो उच्च न्यायालय के निर्देशों की परवाह है और न ही शासन के नियमों की चिंता। यहां यह भी विदित है कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा एक जनहित याचिका में लल्लू भैया की तलैया में किसी भी प्रकार के निर्माण और विकास कार्य पर रोक लगाते हुए यथास्थिति बनाए रखने का निर्णय पारित किया गया था।
उच्च न्यायालय ने जारी किया था नोटिस
एडवोकेट और पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू ने बताया कि उन्होंने एक जनहित याचिका उच्च न्यायालय जबलपुर में प्रस्तुत की थी, जिसमें लल्लू भैया की तलैया का जीर्णोद्धार कराये जाने की मांग की गई थी। उच्च न्यायालय ने याचिका स्वीकार करते हुए माननीय उच्च न्यायालय की युगल पीठ न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा व न्यायमूर्ति विनय सराफ द्वारा अनावेदकगण क्रमश: मप्र शासन, कलेक्टर कटनी, आयुक्त कटनी, राज्य वैटलैंड प्राधिकरण एफको भोपाल एवं क्षेत्रीय प्रबंधक मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किये थे।
कलेक्टर को दिया था डायरेक्शन
उच्च न्यायालय ने कलेक्टर कटनी को दिए गए डायरेक्शन में कहा है कि तलैया को न तो पूरा जाए और न ही निर्माण किया जाए। यह तलैया आम जनता के लिए निस्तार के लिए है। यह मामला अभी भी माननीय उच्च न्यायालय में लंबित है, इसके बाद भी तलैया को पूरने का काम तेजी के साथ चल रहा था। यशभारत की खबर के बाद अब प्रशासन द्वारा लल्लू भैया की तलैया के अस्तित्व को बचाने के प्रयास शुरू किए गए हैं।
अभी हाईकोर्ट से नहीं हुआ निर्णय
एडव्होकेट एवं समाजसेवी संदीप नायक ने यशभारत को बताया कि माननीय हाईकोर्ट से दायर की गई जनहित याचिका पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है। करीब एक साल पहले माननीय हाईकोर्ट द्वारा जारी किए गए नोटिस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर द्वारा लल्लू भैया की तलैया के सौंन्दर्यीकरण की पहल की गई है।







